उत्तराखंड : मेडिकल की छात्रा का होटल में फांसी के फंदे पर लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

ख़बर शेयर करें 👉

ऋषिकेश के तपोवन में एक होटल के कमरे में मेडिकल की छात्रा का फांसी के फंदे पर लटका हुआ शव मिला। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को कमरे से छात्रा का सुसाइड नोट मिला।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को ऋषिकेश के तपोवन स्थित होटल दुर्गा पैलेस के कर्मचारी ने उनके होटल में ठहरी एक युवती के लंबे समय से कमरे का दरवाजा न खोलने की सूचना पुलिस को दी। होटलकर्मी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया निवासी 21 वर्षीय रोली वैष्णव पुत्री शिव शंकर वैष्णव 10 मार्च से उनके होटल में ठहरी थी, लेकिन 11 मार्च की शाम से युवती ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला।

होटल कर्मचारियों ने कई बार कमरे का दरवाजा खटखटाया, इसके बाद भी न अंदर से आवाज आई न ही दरवाजा खुला। थाना प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि पुलिसकर्मी दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए तो देखा अंदर युवती पंखे पर दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई मिली।

पुलिस को अंदर कमरे से एक रजिस्टर पर अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट मिला। जिसमें लिखा था कि ‘मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं, यह मैं अपनी मर्जी से कर रही हूं’। बताया कि कमरे के बाथरूम में खून पड़ा हुआ था और खून लगा ब्लेड भी था।

वहीं युवती के पिता से मिली जानकारी के अनुसार, वह उत्तर प्रदेश के बरेली के एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के तीसरे वर्ष की छात्रा थी। युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad