उत्तराखंड: नहाने गए दो मासूमों की दर्दनाक मौत, खाली प्लॉट में भरे पानी ने छीन ली दोनों की जिंदगी
काशीपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। महादेव कॉलोनी में रहने वाले दो छह वर्षीय मासूम बच्चों की खाली प्लॉट में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मयंक (6) पुत्र नन्हे और देव (6) पुत्र राजेंद्र कश्यप दोपहर के समय अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। भीषण गर्मी के कारण दोनों कॉलोनी के पास स्थित एक खाली प्लॉट में भरे पानी में नहाने के लिए उतर गए। बताया जा रहा है कि पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से दोनों डूब गए।
काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच दोपहर करीब दो बजे किसी व्यक्ति ने पानी में बच्चों के डूबने की सूचना तहसील प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार पंकज चंदोला, नगर निगम की टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बताया गया कि एक बच्चे का शव पानी की सतह पर दिखाई देने के बाद घटना की जानकारी लोगों को हुई। इसके बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृतक देव का परिवार मूल रूप से रामपुर जिले के थाना सवार क्षेत्र के अली नगर जागीर का रहने वाला है और वर्तमान में महादेव कॉलोनी में किराये के मकान में रहकर छोटा व्यवसाय करता है। वहीं मयंक का परिवार भी महादेव कॉलोनी में रहता है। दोनों परिवारों के घर घटना स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर हैं।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मासूमों की मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के बाद खाली प्लॉटों और गड्ढों में भरे पानी के आसपास बच्चों को अकेला न जाने दें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता की आपत्तियों पर सुनवाई नहीं कर रहा शासन-प्रशासन: वन अधिकार संगठन
बड़ी खबर! आज हल्द्वानी पहुंचेंगे सीएम धामी, क्रीड़ा विश्वविद्यालय के शिलान्यास से लेकर उद्योग जगत से संवाद तक कई कार्यक्रम…
आज का राशिफल (29 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
रक्षाबंधन पर बिंदुखत्ता में बड़ा हादसा, सिलेंडर लीकेज से घर में लगी भीषण आग; लाखों का सामान राख