Uttarakhand Weather: आज 9 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, बाकी जिलों में भी चेतावनी; प्रशासन अलर्ट मोड पर

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर अपना असर दिखाने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार, 28 जुलाई को प्रदेश के नौ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट रहेगा।

इन 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिले के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के अत्यंत तीव्र दौर पड़ने की भी आशंका है। वहीं प्रदेश के शेष जिलों में तेज बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जिलों को किया अलर्ट
मौसम की चेतावनी को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने के साथ राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है।

भारी बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा रह सकता है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा करने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचने की अपील की है।