उत्तराखंड मौसम अपडेट: आज और कल साफ रहेगा मौसम, चारधामों में कड़ाके की ठंड, 9 फरवरी से बदलेगा मिजाज

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड में आज और कल यानी शनिवार व रविवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) देहरादून के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में इन दो दिनों तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना रहेगा।

सुबह के वक्त हरिद्वार, हल्द्वानी, अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा, जिससे कुछ समय के लिए दृश्यता प्रभावित रही। वहीं पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में हल्की धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत महसूस की गई।

प्रदेश के चारों धाम—गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—में कड़ाके की ठंड लगातार बनी हुई है। इनमें गंगोत्री सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 23 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। लगातार शून्य से नीचे तापमान रहने के कारण गंगोत्री क्षेत्र बर्फ की मोटी चादर से ढका हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार 9 फरवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 9, 10 और 11 फरवरी के दौरान उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बढ़ सकती है।