उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज! 9 अगस्त को 3 और 10 अगस्त को 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन अलर्ट मोड पर
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की घटनाएं हो सकती हैं। मौसम की गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग ने 9 अगस्त को बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज से अत्यंत तीव्र वर्षा होने की आशंका है।
वहीं, राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
10 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 10 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और अत्यंत तीव्र वर्षा के दौर आने की भी संभावना है।
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा।
आपदा विभाग 24 घंटे अलर्ट मोड पर
मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों को आवश्यक सावधानियां बरतने और 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
सभी संबंधित विभागों को पर्याप्त संसाधन और आपदा उपकरण तैयार रखने के साथ ही बारिश के कारण सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अधिकारियों और कर्मचारियों को मौसम की इस अवधि में मोबाइल फोन स्विच ऑफ न करने, आवश्यक सुरक्षा उपकरण साथ रखने और किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्यटकों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा और जोखिम लेने से बचें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी में खड़गे की रैली से पहले सियासी संग्राम, बसें रोके जाने पर SSP कार्यालय में धरने पर बैठे कांग्रेस नेता
आज का राशिफल (08 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: गौलापार खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की सीएम धामी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश