क्यों नहीं पहुंचे थाने पूर्व विधायक सुरेश राठौर? तीसरे दिन भी गैरहाजिर, पत्नी ने मांगी एक हफ्ते की मोहलत

ख़बर शेयर करें 👉

बहादराबाद। इंटरनेट मीडिया पर वायरल ऑडियो-वीडियो प्रकरण में दर्ज मुकदमे को लेकर पूर्व विधायक सुरेश राठौर की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बावजूद सुरेश राठौर तीसरे दिन रविवार को भी बहादराबाद थाने नहीं पहुंचे। जबकि उन्होंने पहले पुलिस को रविवार को हरिद्वार लौटने की जानकारी दी थी।

रविवार को सुरेश राठौर के बजाय उनकी पत्नी बहादराबाद थाने पहुंची और थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा से मुलाकात की। पत्नी ने पुलिस को बताया कि सुरेश राठौर फिलहाल शहर से बाहर हैं और लगभग एक सप्ताह बाद ही थाने आ सकेंगे। पुलिस ने उनकी इस जानकारी की पुष्टि की है।

गौरतलब है कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की बातचीत से जुड़े कई ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए थे। इस मामले में शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से दोनों के खिलाफ बहादराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह की निगरानी में इस मामले की जांच बहादराबाद थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा कर रहे हैं।

पुलिस ने पूछताछ के लिए पूर्व विधायक सुरेश राठौर को नोटिस जारी किया था, लेकिन वह ज्वालापुर शास्त्रीनगर स्थित अपने आवास पर नहीं मिले। शनिवार को पुलिस ने उनके घर पर नोटिस चस्पा किया था। इसके बाद सुरेश राठौर ने पुलिस से संपर्क कर यह कहा था कि वह शहर से बाहर हैं और रविवार को हरिद्वार लौट आएंगे, लेकिन तय समय पर भी वह थाने नहीं पहुंचे।

इधर, इस मुकदमे में नामजद दूसरी आरोपी अभिनेत्री उर्मिला सनावर को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई अभी आगे नहीं बढ़ सकी है। थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि उर्मिला सनावर को भी जल्द ही नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

कोर्ट की शरण में जाने की चर्चा तेज
लगातार गैरहाजिरी और पत्नी द्वारा एक सप्ताह की मोहलत मांगे जाने के बाद अब यह चर्चाएं तेज हो गई हैं कि कहीं सुरेश राठौर गिरफ्तारी से बचने के लिए न्यायालय की शरण तो नहीं ले चुके हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नोटिस चस्पा होने के बावजूद सामने न आने से इन अटकलों को और बल मिला है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटी है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो सकेगा कि सुरेश राठौर पुलिस के सामने पेश होते हैं या कानूनी रास्ता अपनाते हैं।