देहरादून: सीएम धामी ने 178 अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले—ईमानदारी और निष्ठा से निभाएँ दायित्व
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित अर्थ एवं संख्या, कृषि एवं उद्यान तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें अर्थ एवं संख्या विभाग के 117, कृषि विभाग के 12, उद्यान विभाग के 30 और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 19 अभ्यर्थी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी चयनित युवा ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियाँ निभाकर उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय और समयबद्ध आँकड़े ही योजनाओं की प्रभावी रूपरेखा, क्रियान्वयन और मूल्यांकन का आधार होते हैं। अर्थ एवं संख्या विभाग राज्य में डेटा संग्रह एवं विश्लेषण का नोडल विभाग है, इसलिए इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने सहायक सांख्यिकी अधिकारियों से कहा कि वे विभिन्न योजनाओं और नीतियों के प्रभाव का आकलन कर सरकार को सटीक और तथ्यपरक फीडबैक प्रदान करें ताकि समय पर सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियों में अवसर दिए गए हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुने से भी अधिक हैं। उन्होंने कहा कि नकल माफियाओं पर कार्रवाई करते हुए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ी है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, नई स्टार्टअप एवं उद्यमिता नीति, पर्यटन नीति, कृषि एवं बागवानी योजनाओं तथा होम-स्टे मॉडल ने राज्य में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं, जिससे रिवर्स माइग्रेशन में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कार्यक्रम में कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक भरत चौधरी, सविता कपूर, 20 सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव एस.एन. पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत
आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!