उत्तराखंड: आज होगी धामी कैबिनेट की बैठक, महिला नीति और स्वरोजगार योजना जैसे अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज मंगलवार शाम 6 बजे सचिवालय में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आहूत की गई है। यह बैठक करीब दो महीने बाद और चालू वित्तीय वर्ष की पहली कैबिनेट बैठक होगी, जिसे कई अहम फैसलों के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में जिन प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है, उनमें सबसे अहम हैं—प्रदेश की महिला नीति और योग नीति। इन दोनों नीतियों को तैयार करने की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है और अब सरकार इन पर अंतिम निर्णय ले सकती है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का प्रस्ताव भी कैबिनेट के एजेंडे में शामिल है। इस योजना के तहत प्रदेश की एकल महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार बड़ा कदम उठा सकती है।
बैठक में देहरादून के रायपुर क्षेत्र में फ्रिज की गई भूमि को फ्रिज मुक्त करने, आठ शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना हेतु लिगेसी प्लान ड्राफ्ट को मंजूरी देने पर भी विचार किया जाएगा।
इसके साथ ही, चीनी मिलों में कार्यरत 123 सीजनल मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देने संबंधी प्रस्ताव पर भी आज मुहर लग सकती है। यदि यह प्रस्ताव पारित होता है, तो लंबे समय से नौकरी की राह देख रहे इन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत