उत्तराखंड : यहां दीवार की खूंटी पर लटका मिला युवक का शव, महिला समेत चार पर हत्या का केस दर्ज
हरिद्वार। हरिद्वार के बेलड़ी गांव में एक युवक की हत्या कर शव को एक मकान की दीवार की खूंटी पर लटका दिया गया। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर एक महिला समेत चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस अवैध संबंध के चलते युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की जांच में जुटी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित गांव बेलड़ी निवासी सौरभ (24) शुक्रवार रात घर के अंदर सोया था। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सौरभ का शव एक मकान के बाहर दीवार की खूंटी पर लटका देखा। लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसपी देहात एसके सिंह, सीओ पल्लवी त्यागी और इंस्पेक्टर मनोज मैनवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। साथ ही शव को खूंटी से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से जानकारी ली गई तो पता चला कि सौरभ का एक महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक महिला के परिवार को लग गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते ही सौरभ की हत्या की गई है। उधर, मृतक के परिजनों ने बताया कि वह रात में घर से बाहर कैसे और क्यों गया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। आरोप है कि महिला ने परिवार के साथ मिलकर बेटे की हत्या की है। साथ ही मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सोनू, उसकी पत्नी रूपा और उसके भाई मोनू और सुमित निवासी बेलड़ी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।एसपी देहात ने बताया कि जिस दुपट्टे से युवक का शव खूंटी पर लटका था। उसके बारे में महिला से पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि वह दुपट्टा महिला का है या किसी और का है। साथ ही आत्महत्या करने के पहलू भी पर जांच चल रही है। बेलड़ी गांव निवासी सौरभ मैकेनिक का काम करता था। ग्रामीणों ने बताया कि सौरभ की एक बहन है और चार भाई हैं। सौरभ का परिवार मूलरूप से देवबंद थाना के पास गांव फ्लाश का रहने वाला है। कई साल पहले वह बेलड़ी गांव में आकर बस गए थे। वहीं, सौरभ की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत