उत्तराखंड: नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने इन्हें बनाया उम्मीदवार

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। बीजेपी द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी घोषित करने के बाद कांग्रेस ने भी नैनीताल सीट पर अपना उम्मीदवार तय कर दिया है। पार्टी ने रामगढ़ क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य चुनी गई पुष्पा नेगी को अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा है, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए देवकी बिष्ट को उम्मीदवार बनाया गया है।

हल्द्वानी के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों का स्वागत किया और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत में कांग्रेस व उसके समर्थक बड़ी संख्या में जीतकर आए हैं, इसलिए अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख चुनाव में जीत हमारी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी हर तरह के हथकंडे अपनाकर पंचायत चुनाव में कब्जा जमाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता लोकतंत्र में तानाशाही को बर्दाश्त नहीं करेगी।

यशपाल आर्य ने दावा किया कि नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी पुष्पा नेगी जीत की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता का विश्वास खो चुकी है और हाल के पंचायत चुनाव इसके सबूत हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जनता बीजेपी को सत्ता से बाहर करेगी।

वहीं, पुष्पा नेगी ने कहा कि उनके समर्थन में बहुमत से अधिक जिला पंचायत सदस्य हैं, जिससे उनकी जीत तय है। उन्होंने वादा किया कि जीत के बाद प्राथमिकता जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना होगी।

कार्यक्रम में विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य, जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट और पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।