नैनीताल: यहां आवासीय पट्टे की जमीन पर चल रहा था रेस्टोरेंट, DM ने किया पट्टा निरस्त
नैनीताल 8 मई 2026 सूवि। आवासीय प्रयोजन के लिए आवंटित भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के मामले में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला मजिस्ट्रेट /जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित पट्टे को निरस्त करते हुए भूमि को राज्य सरकार के पक्ष में निहित करने का आदेश जारी किया है।
जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार, नंदराम को आवासीय पट्टे के उद्देश्य से भूमि आवंटित की गई थी। बाद में उनके वारिसान—रोहित कुमार, दिनेश कुमार एवं संतोष कुमार, निवासी छड़ा मझेड़ा कैंची धाम—द्वारा उक्त 0.008 हेक्टेयर भूमि पर रेस्टोरेंट का संचालन किया जा रहा था। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि भूमि का उपयोग आवासीय प्रयोजन के बजाय व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, जो पट्टे की शर्तों के विपरीत है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने इसे पट्टा शर्तों का उल्लंघन मानते हुए प्रश्नगत पट्टे को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। साथ ही, संबंधित भूमि को राज्य सरकार के पक्ष में निहित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई को नियमों के अनुपालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!