नैनीताल: विकास कार्यों में देरी पर सख्त मुख्य सचिव, बोले—समय पर पूरी हों परियोजनाएं, पर्यटकों को न हो कोई असुविधा
नैनीताल। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने जिले में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में देरी से लागत बढ़ती है, जो स्वीकार्य नहीं है। यदि किसी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी बाधा सामने आती है तो उसका त्वरित समाधान किया जाए और आवश्यक होने पर मामला शासन स्तर पर तुरंत उठाया जाए।
डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी में आयोजित बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित टेंडर, स्वीकृतियां और तकनीकी अनुमोदन जल्द पूरे किए जाएं और जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
मुख्य सचिव ने आने वाले पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए ट्रैफिक, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट और अन्य व्यवस्थाएं पहले से चाक-चौबंद रखी जाएं। साथ ही एलपीजी गैस की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने और मांग के अनुसार व्यावसायिक सिलेंडरों की समय पर आपूर्ति करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। कैंची धाम सौंदर्यीकरण, जमरानी बांध, सीवरेज योजनाओं, बस टर्मिनल और अन्य बड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। धीमी प्रगति पर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताते हुए कार्यों में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया और कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को दीर्घकालिक योजना बनाकर निरंतर मॉनिटरिंग करने और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी विभाग मिलकर नैनीताल को एक आदर्श और तेजी से विकसित होने वाले जनपद के रूप में स्थापित करें।
बैठक में आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार,मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, पुलिस अधीक्षक डॉ जगदीश चंद्रा, मनोज कत्याल,अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी,लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू,पेयजल निर्माण निगम के अधीक्षण अभियंता अनूप पाण्डे सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Chaitra Navratri 2026: डोली में सवार होकर आएंगी मां दुर्गा, जानिए कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त और पूरे 9 दिन का कैलेंडर
हल्द्वानी: यहां सड़क किनारे खड़े युवक को तेज रफ्तार डंपर ने कुचला, अस्पताल में मौत
उत्तराखंड: यहां 80 हजार की रिश्वत लेते ऊर्जा निगम का JE गिरफ्तार, सतर्कता टीम की बड़ी कार्रवाई
आज का राशिफल (18 मार्च 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!