राजस्व ग्राम की मांग पर लालकुआं में उमड़ा बिंदुखत्ता, सड़कों पर उतरे हजारों ग्रामीण; तहसील में गरजी आवाज
लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की वर्षों पुरानी मांग रविवार को एक बार फिर सड़क पर उतर आई। वनाधिकार संगठन के आह्वान पर बिंदुखत्ता के हजारों ग्रामीण विशाल रैली के रूप में लालकुआं पहुंचे। जनता इंटर कॉलेज, जड़ सेक्टर से शुरू हुई रैली लालकुआं बाजार से होते हुए तहसील परिसर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी मांगें उठाईं।
संगठन के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे से ग्रामीण रैली में शामिल होने को जड़ सेक्टर में एकत्रित होने लग गए थे, जो करीब 15 हजार के पार पहुंच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के पहुंचने से लालकुआं की सड़कों पर भीड़ नजर आई।
राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी करने की मांग
ग्रामीणों ने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की अधिसूचना जारी करने के साथ गौला नदी के किनारे स्थायी तटबंध निर्माण की मांग भी उठाई। तहसील परिसर में धरने के दौरान आंदोलनकारियों ने शासन-प्रशासन से वर्षों से लंबित मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
वनाधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश चंद्र भट्ट ने बताया कि बिंदुखत्ता के 32 गांवों के 11,703 दावेदारों की ओर से वनाधिकार कानून-2006 की धारा 3(1)(ज) के तहत प्रस्तुत सामुदायिक दावे को 19 जून 2024 को जिला स्तरीय वन अधिकार समिति ने सर्वसम्मति से पारित किया था। इसके बाद राजस्व ग्राम की अधिसूचना और बंदोबस्ती की प्रक्रिया के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया, लेकिन अभी तक अधिसूचना जारी नहीं हुई है।
15 अगस्त से चल रही पदयात्रा
संगठन के अनुसार, राजस्व ग्राम की मांग को लेकर ग्रामीण लंबे समय से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देते रहे हैं। इसी क्रम में 15 अगस्त से गांव-गांव पदयात्रा और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। रविवार की रैली को इसी आंदोलन की अगली कड़ी बताया गया।
आंदोलनकारियों का कहना है कि वर्षों से आश्वासन और प्रस्तावों के बावजूद अंतिम अधिसूचना का इंतजार खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम
बिंदुखत्ता से बड़ी संख्या में ग्रामीणों के लालकुआं पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। लालकुआं बाजार से लेकर तहसील परिसर तक पुलिस बल तैनात रहा और संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाई गई।
रविवार को लालकुआं की सड़कों पर उमड़ी भीड़ ने बिंदुखत्ता के राजस्व ग्राम के मुद्दे को एक बार फिर बड़े जनआंदोलन के रूप में सामने ला दिया।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


देहरादून: जमीन के लालच में बेटी ने मां की हत्या की रची साजिश, प्रेमी संग मिलकर वारदात; दोनों गिरफ्तार
आज का राशिफल (27 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: MBPG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में हुड़दंग पर पुलिस सख्त, कई उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज
मां की तस्वीर लेकर ED दफ्तर पहुंचे हरीश रावत, बोले- मां जगदंबा और धरती मां का स्मरण कर आया हूं; पार्टी का फैसला सर्वोपरि