पिथौरागढ़ में मां-बेटे की दर्दनाक मौत: बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाई मां; नदी में छलांग लगाकर दी जान

ख़बर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर मड़े गांव में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। कक्षा नौ में पढ़ने वाले 14 वर्षीय जतिन जोशी की दौड़ते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर उसकी मां पूनम जोशी उर्फ पुष्पा गहरे सदमे में चली गईं। कुछ ही देर बाद वह घाट पहुंचीं और सरयू नदी में छलांग लगा दी, जिससे उनकी भी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मड़े गांव निवासी कैलाश चंद्र जोशी का 14 वर्षीय बेटा जतिन रोज की तरह शनिवार सुबह झौलखेत मैदान में दौड़ने गया था। दौड़ पूरी करने के बाद घर लौटते समय वह अचानक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। पीछे से दौड़ रहे अन्य बच्चों ने उसे पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी।

मां पूनम आनन-फानन में बेटे को टैक्सी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां गहरे सदमे में चली गईं।

अस्पताल से सीधे घाट पहुंचीं मां
बताया जा रहा है कि अस्पताल से निकलने के बाद पूनम ने चेहरा कपड़े से ढक लिया और देवसिंह स्थित पार्किंग से गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में बैठ गईं। करीब 30 किलोमीटर दूर घाट पहुंचने के बाद उन्होंने पुल से आगे चालक से कुछ सामान लेने की बात कही। टैक्सी से उतरने के बाद वह अचानक सरयू नदी की ओर गईं और छलांग लगा दी।

उन्हें बचाने के लिए मौके पर मौजूद एक होटल संचालक ने भी नदी में छलांग लगाई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बाद में घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई।

परिवार पर पहले भी टूट चुका है दुख का पहाड़
परिजनों के अनुसार, करीब एक-दो वर्ष पहले परिवार ने अपनी बड़ी बेटी को भी मधुमेह के चलते खो दिया था। अब इकलौते बेटे की अचानक मौत और उसके कुछ ही समय बाद मां की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घाट पुलिस चौकी को महिला का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव की फोटो परिजनों को भेजी, जिसके बाद उसकी पहचान पूनम जोशी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पति त्रिपुरा में ड्यूटी पर, घर में पसरा सन्नाटा
पूनम का परिवार मूल रूप से पिथौरागढ़ तहसील के गुरुंगतोली का रहने वाला बताया गया है। वर्तमान में परिवार वड्डा कस्बे के पास मड़े गांव में रह रहा था। मृतका के पति कैलाश चंद्र जोशी असम राइफल्स में तैनात हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में ड्यूटी पर हैं। बड़ी बेटी भी बाहर बताई जा रही है।