हल्द्वानी: यहां सड़क किनारे खड़े युवक को तेज रफ्तार डंपर ने कुचला, अस्पताल में मौत

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित देवलचौड़ चौराहे पर मंगलवार रात एक तेज रफ्तार डंपर ने 28 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

मृतक की पहचान नैनीताल जिले के बेतालघाट विकासखंड के हरतपा गांव निवासी अनिल रौतेला के रूप में हुई है। वह हल्द्वानी में किराए के कमरे में रहकर एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात वह किसी काम से देवलचौड़ क्षेत्र गया था, तभी यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हल्द्वानी की ओर से आ रहे डंपर ने अचानक अनिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

परिजनों के अनुसार हादसे के समय अनिल टीपी नगर चौकी के पास एक फास्ट फूड सेंटर पर गया था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसके पेट और पैर में गंभीर चोटें आई थीं।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग करता था। उसके माता-पिता गांव में खेती-किसानी करते हैं। बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वाहन को सीज कर दिया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है और परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।