हल्द्वानी: यहां आठ माह की गर्भवती महिला ने जहर खाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी

हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में आठ माह की महिला ने जहर गटक लिया। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से गर्भ में पल रहे नादान की भी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार गोपाल मंदिर नई बस्ती निवासी 30 वर्षीय कौसर जहां पत्नी मो. जुनैद आठ माह की गर्भवती थी। रविवार की शाम खर्चे को लेकर पति से अनबन हो गई। इसके बाद पति घर से चला गया। इस बीच महिला ने जहर गटक लिया। उसने अपने जेठ को इसकी सूचना दी। आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बनभूलपुरा थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के तीन बच्चे हैं। उसका पति टैक्सी चालक है। एसएसआइ टीएस राणा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पहले भी अनबन हुई थी। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी है। तहरीर के बाद आरोपित पर कार्रवाई की जाएगी। महिला की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।