हल्द्वानी: प्रेमी की मौत के बाद 16 वर्षीय किशोरी ने भी उठाया खौफनाक कदम, कोठी के कमरे में मिला शव
हल्द्वानी। शहर में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 25 वर्षीय युवक की आत्महत्या के बाद उसकी 16 वर्षीय कथित प्रेमिका की भी मौत हो गई। किशोरी का शव काठगोदाम थाना क्षेत्र के वाटिका एंक्लेव स्थित एक कारोबारी की कोठी के कमरे में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला कथित प्रेम प्रसंग और युवक की मौत के बाद किशोरी के सदमे से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
कारोबारी की कोठी में परिवार के साथ रहती थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की रहने वाली एक महिला अपने बच्चों के साथ वाटिका एंक्लेव स्थित एक कारोबारी की कोठी की देखभाल करती है। महिला की 16 वर्षीय बेटी भी परिवार के साथ वहीं रहती थी।
पीलीभीत के युवक से कथित प्रेम संबंध
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी का पीलीभीत निवासी 25 वर्षीय युवक विकास से कथित प्रेम संबंध था। विकास हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में किराये के कमरे में रहता था और राजमिस्त्री का काम करता था।
निर्माणाधीन मकान में मिला था युवक का शव
पुलिस के मुताबिक, विकास का शव भगवानपुर क्षेत्र के एक निर्माणाधीन मकान में मिला था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मिलक क्षेत्र का रहने वाला था और अपने चचेरे भाई के साथ किराये के कमरे में रहता था।
बताया गया कि निर्माण कार्य देखने पहुंचे मकान मालिक को युवक के बारे में जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था।
प्रेमी की मौत की खबर के बाद सदमे में थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, सोमवार को किशोरी को विकास की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद वह कथित तौर पर गहरे सदमे और मानसिक तनाव में चली गई। सोमवार शाम किशोरी ने कोठी के एक कमरे में अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत के बाद किशोरी के सदमे में यह कदम उठाने की बात सामने आ रही है, लेकिन मामले की पूरी तस्वीर जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम की मांग पर 12वें दिन भी पदयात्रा जारी; विधायक के आरोपों पर वन अधिकार संगठन का पलटवार
आज का राशिफल (25 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम की मांग पर 11वें दिन भी जारी रही पदयात्रा, नेगी बोले- पत्रावली केंद्र भेजना सौतेले व्यवहार जैसा
आज का राशिफल (24 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!