हल्द्वानी: MBPG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में हुड़दंग पर पुलिस सख्त, कई उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में नामांकन के दौरान हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कई लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए हैं।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि नामांकन के दौरान बिना अनुमति रैलियां निकालने, लोक सेवकों के आदेशों का उल्लंघन करने, सड़क पर जाम लगाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में कार्रवाई की गई है। इसके अलावा रैलियों में बिना अनुमति बड़े वाहनों के इस्तेमाल और लापरवाही से वाहन चलाने के मामलों में भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, वीडियो फुटेज की मदद से अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। छात्रसंघ चुनाव की आगामी प्रक्रिया को देखते हुए संभावित ट्रबलमेकरों की सूची भी तैयार की गई है और उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की निगरानी आगामी चुनावी प्रक्रिया के दौरान भी जारी रहेगी।