हल्द्वानी: यहां कैंटर की चपेट में आने से राजभवन गोल्फकोर्स कर्मी की दर्दनाक मौत, दो घायल
हल्द्वानी। गौलापार बाईपास पर देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में नैनीताल राजभवन के गोल्फकोर्स में आउटसोर्स पर तैनात कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गोल्फकोर्स में आउटसोर्स पर कार्यरत पंकज आर्या (40) पुत्र स्व. चनीराम निवासी भूमियाधार, भवाली अपने सहकर्मियों पंकज पालीवाल और टीकम के साथ सोमवार देर रात गौलापार बाईपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलने पर बनभूलपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने पंकज आर्या को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल टीकम को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि पंकज पालीवाल का उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मौके से कैंटर चालक अरुण सैनी निवासी डायमंड रोड, स्टेट बैंक कॉलोनी, सिविल लाइंस रामपुर को हिरासत में ले लिया है। मृतक के भाई उमेश की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि चालक और घायलों से पूछताछ के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


आज का राशिफल (10 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड Weather Alert: आज इन 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, 2 जिलों में घना कोहरा, IMD ने जारी किया अपडेट
आज का राशिफल (09 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
ऊधमसिंह नगर: जिले में निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के बम्पर तबादले, देखें लिस्ट….