लालकुआं (दु:खद): तेज रफ्तार ने उजाड़ दिया परिवार, 35 वर्षीय मनोज की मौत; दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया। मुक्तिधाम श्मशान घाट के सामने स्थित कट पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार कार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय मनोज कुमार कर्नाटक की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक ही दिन में क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता के राजीव नगर प्रथम निवासी मनोज कुमार कर्नाटक (35) पुत्र भुवन चंद्र कर्नाटक गुरुवार शाम करीब चार बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से मुक्तिधाम के समीप बने कट से लालकुआं की ओर मुड़ रहे थे। इसी दौरान नगला की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार कि कई फीट उछलकर सड़क पर गिरे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर, कमर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में इलेक्ट्रिक स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार को भी काफी नुकसान पहुंचा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लिया। गंभीर रूप से घायल मनोज को 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) ले जाया गया।

एसटीएच में प्राथमिक उपचार के दौरान हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बरेली रोड स्थित राम मूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया।

2013 में हुई थी शादी, दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
मनोज की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। वर्ष 2013 में उनका विवाह हुआ था। वह अपने पीछे पत्नी नीमा कर्नाटक और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। दोनों बेटियों की उम्र करीब 10 और 8 वर्ष बताई गई है।

मनोज की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े भाई दीपू कर्नाटक सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

लगातार हादसों से सड़क सुरक्षा पर सवाल
लालकुआं क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुक्तिधाम के सामने स्थित कट समेत क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की जरूरत है।

एक ही दिन में दो सड़क हादसों में दो लोगों की जान जाने के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से स्पीड नियंत्रण, कट पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।