त्योहारी सीजन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई; हल्द्वानी से रामनगर तक दुकानों और प्रतिष्ठानों में छापेमारी
हल्द्वानी। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर बुधवार को हल्द्वानी ग्रामीण, कालाढूंगी, रामनगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के कई विधिक और सर्वे नमूने भी लिए गए हैं।
हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में खाद्य विनिर्माण इकाइयों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ, कृष्णा सॉस, काजू, नूडल, अरहर दाल समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है।
कालाढूंगी में निरीक्षण अभियान के दौरान एडीएम नैनीताल (प्रशासन) विवेक राय, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह समेत विभागीय टीम मौजूद रही।
रामनगर के चिलकिया क्षेत्र में भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां आटा और गरम खड़ा मसाला समेत खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
वहीं हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदकिशोर ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर वनस्पति, दूध और घी के नमूने संकलित किए। इसके अलावा खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर और रसगुल्ला के सर्वे नमूने भी लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन या मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग और लेबलिंग की जांच जरूर करें। किसी भी तरह की मिलावट या अनियमितता सामने आने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड शासन में बड़ा फेरबदल! 6 अधिकारियों के विभाग बदले, गृह-राजस्व से लेकर कृषि और आवास तक नई जिम्मेदारियां
आज का राशिफल (26 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम की मांग पर 12वें दिन भी पदयात्रा जारी; विधायक के आरोपों पर वन अधिकार संगठन का पलटवार