हल्द्वानी: तीनपानी फ्लाईओवर पर मौत बनकर दौड़ी बेकाबू स्कॉर्पियो, चार दोस्तों को कुचला; सभी की मौत,…टक्कर इतनी भीषण कि निकल गए पहिए
हल्द्वानी। तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लालकुआं की ओर से आ रही एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने फ्लाईओवर पर मौजूद चार युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कॉर्पियो के पहिए तक निकल गए। पुलिस ने वाहन सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे पुलिस को तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चार युवक गंभीर हालत में सड़क पर पड़े मिले। पास ही एक स्कूटी भी पड़ी हुई थी।
हादसे में घायल युवकों की पहचान 17 वर्षीय राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी हाथीखाल गोरापड़ाव, 25 वर्षीय शिवम पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव, 20 वर्षीय अंशु आर्य पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव और 18 वर्षीय आदित्य टम्टा निवासी गोरापड़ाव के रूप में हुई।
तीन ने अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, चौथे की ICU में मौत
पुलिस ने चारों युवकों को गंभीर हालत में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने राहुल, शिवम और अंशु को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल आदित्य टम्टा को आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन रात करीब एक बजे उसने भी दम तोड़ दिया।
एक ही हादसे में चार युवाओं की मौत की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। गोरापड़ाव और बेरीपड़ाव क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
टक्कर इतनी भीषण कि स्कॉर्पियो के निकल गए पहिए
प्रत्यक्ष परिस्थितियों से हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चारों युवकों को टक्कर मारने के बाद नियंत्रण खो दिया। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पहिए तक निकल गए।
स्कॉर्पियो सवार दो लोग हिरासत में
पुलिस ने हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चार युवकों की असमय मौत ने एक बार फिर हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों तथा लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं: कर्मशीलता, सुरक्षा और अनुशासन ही सच्ची स्वतंत्रता, ITC पेपर मिल में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस
आज का राशिफल (15 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
मुक्तेश्वर घूमने आए पर्यटकों का टैंपो ट्रैवलर खाई में गिरा, दो की मौत; कई घायल, राहत-बचाव अभियान जारी
बिंदुखत्ता में बारिश के बीच भव्य तिरंगा बाइक रैली, पंकज कोरंगा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दिखाया राष्ट्रप्रेम
उत्तराखंड: CM धामी ने खोला विकास का खजाना, पिथौरागढ़ से कोटद्वार तक कई बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी