दर्दनाक हादसे में दादा-दादी के साथ 5 वर्षीय पोते की भी मौत, परिवार में मचा कोहराम

ख़बर शेयर करें 👉

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। श्यामपुर थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी टकराने के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दादा, दादी और उनके पांच वर्षीय मासूम पोते की जान चली गई।

पुलिस के अनुसार गाजीवाली निवासी वीर सिंह (52), उनकी पत्नी मंजू देवी (50) और पांच वर्षीय पोता शिवा सिंह स्कूटी से हरिद्वार से अपने घर लौट रहे थे। देर रात श्यामपुर फ्लाईओवर पर उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार संबंधित ट्रैक्टर-ट्रॉली का इससे पहले भी एक अन्य वाहन से हादसा हुआ था। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद चालक वाहन को फ्लाईओवर के किनारे छोड़कर फरार हो गया। अंधेरा होने और पर्याप्त रोशनी न होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर स्पष्ट दिखाई नहीं दी, जिसके चलते यह भीषण हादसा हो गया।

मृतक वीर सिंह और उनकी पत्नी मंजू देवी हरकी पैड़ी क्षेत्र में दुकान संचालित करते थे। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद वे अपने पोते के साथ घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा उनके लिए काल बन गया।

स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर पर अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था को भी दुर्घटना का एक प्रमुख कारण बताया है। वहीं पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।