कलयुगी मां की करतूत! नाले में पड़ा मिला जिंदा नवजात, मुंह में था रबर
उत्तराखंड के चमोली जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के रांगतोली गांव में आम रास्ते के किनारे स्थित एक नाले से एक नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि नवजात के मुंह में रबर ठूंसा हुआ था। ग्रामीणों की सतर्कता और समय रहते उठाए गए कदमों से मासूम की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे एक महिला गोशाला की ओर जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर रास्ते के किनारे नाले में पड़े नवजात पर पड़ी। महिला ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान संतोष गुसाईं और ग्राम प्रहरी मौके पर पहुंचे।
ग्राम प्रधान ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि नवजात के मुंह में बोतल के निप्पल को बांधने वाला रबर फंसा हुआ था। उन्होंने सावधानीपूर्वक रबर बाहर निकाला, जिसके बाद पता चला कि नवजात की सांसें चल रही हैं।
सूचना मिलने पर चमोली कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और नवजात को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और एक बार फिर समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं में बंद मकान की चोरी का खुलासा! चोरी के जेवर और ₹25 हजार के साथ आरोपी गिरफ्तार
आज का राशिफल (20 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
पिथौरागढ़ में मां-बेटे की दर्दनाक मौत: बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाई मां; नदी में छलांग लगाकर दी जान