उत्तराखंड: यूरोप भेजने के नाम पर 10 लाख की ठगी! युवक को दुबई भेजकर फंसाने का आरोप, मां ने लगाई इंसाफ की गुहार
बाजपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर से विदेश भेजने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। एक महिला ने इमीग्रेशन कार्यालय संचालक पर यूरोप भेजने का झांसा देकर 10 लाख रुपये लेने, लेकिन बाद में बेटे को दुबई भेज देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसका बेटा पिछले सात महीने से दुबई में फंसा हुआ है, जबकि उसके साथ गए अन्य दो युवक भी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
ग्राम इटव्वा निवासी प्रेमो कौर ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र रमनदीप सिंह, हरप्रीत सिंह और आकाश सिंह ने यूरोप जाने के लिए काशीपुर रोड स्थित एक इमीग्रेशन कार्यालय में आवेदन किया था। आरोप है कि कार्यालय संचालक ने यूरोप भेजने का भरोसा देकर रमनदीप से 10 लाख रुपये ले लिए, लेकिन बाद में उसे यूरोप के बजाय दुबई का वीजा देकर भेज दिया।
महिला का आरोप है कि तीनों युवकों के मूल दस्तावेज भी कार्यालय संचालक ने अपने पास रख लिए हैं। जब परिजन इस संबंध में जानकारी लेने पहुंचे तो उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज की गई, मारपीट का प्रयास किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि दुबई में तीनों युवकों से करीब छह महीने तक काम कराया गया, लेकिन उन्हें मजदूरी तक नहीं दी गई। वर्तमान में वे रहने और भोजन की व्यवस्था के लिए गुरुद्वारा साहिब और मस्जिदों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
महिला ने पुलिस से आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, युवकों के मूल दस्तावेज और ली गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं: हाईवे पर फिर रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत; 4 दिन में चौथी मौत
बिंदुखत्ता: जन्मदिन पर समाजसेवी लाखन सिंह मेहता की अनोखी पहल, दिव्यांग बच्चों के साथ बांटी खुशियां
लालकुआं: मांगों को लेकर भोजनमाताओं ने किया प्रदर्शन, विधायक को सौंपा ज्ञापन