बड़ी खबर! अंकिता भंडारी केस से जुड़े वायरल ‘VIP’ विवाद में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित ‘वीआईपी’ नाम के खुलासे को लेकर वायरल हुए ऑडियो और वीडियो क्लिप मामले में भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें हरिद्वार के बुग्गावाला स्थित कार्यालय से हिरासत में लेने के बाद देहरादून के डालनवाला थाने लाकर औपचारिक गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, राठौर के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक ऑडियो-वीडियो क्लिप प्रसारित करने के आरोप में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज किए गए थे। यह कार्रवाई उनकी हाल ही में हुई प्रेस वार्ता के कुछ दिन बाद की गई है।
पूर्व विधायक ने प्रेस वार्ता में दावा किया था कि उत्तराखंड हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज चार मुकदमों में से दो को निरस्त कर दिया है, जबकि शेष दो मामलों में जांच जारी है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।
विवाद उस समय बढ़ा जब वायरल क्लिप में कथित तौर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम ‘वीआईपी’ के रूप में जोड़ा गया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस सामग्री का उद्देश्य उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना था।
हालांकि सुरेश राठौर ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि उन्होंने कोई ऑडियो या वीडियो क्लिप जारी नहीं की और न ही पार्टी नेतृत्व या मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई टिप्पणी की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके राजनीतिक करियर को नुकसान पहुंचाने के लिए साजिश रची गई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में हुए चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया था। मामले में रिसॉर्ट मालिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में अदालत ने दोषी करार दिया।


आज का राशिफल (15 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!