हल्द्वानी: नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ के बोर्ड के साथ घूम रहा था फर्जी IB अधिकारी, चेकिंग में खुला राज

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान तिकोनिया चौराहे पर एक युवक के फर्जी आईबी अधिकारी बनकर घूमने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, संबंधित दस्तावेज, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती लगी कार और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद किया है।

SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में तिकोनिया चौराहे पर पुलिस ने UP25CS9327 नंबर की हुंडई कार को रोककर जांच की।

जांच के दौरान कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा मिला। चालक ने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड भी प्रस्तुत किया। पुलिस द्वारा गहनता से जांच करने पर आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेज फर्जी पाए गए।

एयरगन और फर्जी दस्तावेज बरामद
पुलिस के अनुसार, वाहन की तलाशी के दौरान फर्जी आईबी आईडी कार्ड व संबंधित कागजात, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती लगी कार और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर रौब दिखाने के उद्देश्य से एयरगन रखने तथा आईबी से संबंधित दस्तावेजों के फर्जी होने की बात स्वीकार की।

FIR दर्ज, वाहन सीज
मामले में FIR संख्या 315/2026 के तहत अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया कि फर्जी पहचान बनाकर या सरकारी अधिकारी बनकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग लगातार की जा रही है।