(बड़ी खबर) ड्यूटी से लौट रहे चौकी प्रभारी की दर्दनाक मौत, स्कॉर्पियो गंगा में समाई, पुलिस महकमे में शोक
उत्तराखंड पुलिस परिवार के लिए मंगलवार बेहद दुखद साबित हुआ। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का निधन हो गया। हादसा उस समय हुआ जब वह रात्रि ड्यूटी पूरी कर थाना मुनि की रेती से अपनी चौकी लौट रहे थे। उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए गंगा नदी में समा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा अपनी स्कॉर्पियो वाहन संख्या UK07-1007 से शिवपुरी चौकी की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय उन्हें झपकी आ गई, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर सीधे गंगा नदी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गया।
बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद राफ्ट की मदद से गंगा नदी से वाहन और शव को बाहर निकाला। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी और चौकी प्रभारी की मौत हो चुकी थी। घटना की खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का जन्म 2 अगस्त 1973 को हुआ था। भारतीय सेना में गौरवपूर्ण सेवाएं देने के बाद उन्होंने वर्ष 2016 में उत्तराखंड पुलिस में उपनिरीक्षक के रूप में अपनी दूसरी पारी शुरू की। अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले विनोद शर्मा ने वर्ष 2023 में सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह भी प्राप्त किया था।
वर्ष 2017 से लगातार टिहरी जनपद में सेवाएं दे रहे विनोद शर्मा ने कानून व्यवस्था और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इससे पहले वह ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनका सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यवहार और जनता के प्रति समर्पण उन्हें सहकर्मियों और आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाता था।
टिहरी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे सहित पूरे पुलिस विभाग ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे पुलिस परिवार की अपूरणीय क्षति बताया है। वहीं रानीपोखरी स्थित उनके पैतृक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उन्हें एक कर्मठ, ईमानदार और नेकदिल अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि दी।
बताया जा रहा है कि उनके परिवार में एक भाई भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार, मित्रों और पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, एक साल से लंबित सीमांकन मामलों पर जताई नाराजगी
(बड़ी खबर)–बदरीनाथ चढ़ावा चोरी कांड में खुलासा! आरोपी के सरकारी कमरे से मिला मंदिर का खजाना