देहरादून में SSC परीक्षा घोटाले का बड़ा खुलासा: MKP कॉलेज के ऑनलाइन सेंटर से रिमोट एक्सेस से हल हो रहे थे पेपर, STF की बड़ी कार्रवाई

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने SSC परीक्षा से जुड़े एक बड़े साइबर घोटाले का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई देहरादून स्थित एमकेपी कॉलेज देहरादून में संचालित एक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर की गई। मामला (SSC) की मल्टी लेवल टास्किंग (ग्रुप-सी, क्लास फोर) परीक्षा से जुड़ा है।

जांच में खुलासा हुआ है कि “महादेव डिजिटल सेंटर” नामक परीक्षा केंद्र में तकनीकी छेड़छाड़ कर परीक्षाओं को रिमोट तरीके से हल कराया जा रहा था। एसटीएफ को सर्वर रूम की तलाशी के दौरान जमीन के नीचे बने एक गुप्त स्थान का पता चला, जहां राउटर, कनेक्टर और इथरनेट केबल्स का जाल बिछाया गया था। यह पूरा सिस्टम बेहद सुनियोजित तरीके से तैयार किया गया था ताकि बाहरी नेटवर्क से परीक्षा को कंट्रोल किया जा सके।

आरोप है कि असली आईपी एड्रेस को बाईपास कर कंप्यूटर सिस्टम को इस तरह से कॉन्फिगर किया गया था कि परीक्षा कहीं और बैठे लोगों द्वारा रिमोट एक्सेस के जरिए हल की जा सके। स्क्रीन पर देखने में ऐसा प्रतीत होता था कि अभ्यर्थी स्वयं परीक्षा दे रहा है, जबकि असल में पेपर किसी अन्य स्थान से सॉल्व कर सबमिट किया जा रहा था। इस तकनीकी हेरफेर से परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, अभ्यर्थियों को पास कराने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी। पूरी प्रक्रिया को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया जा रहा था। इस संयुक्त कार्रवाई में उत्तर प्रदेश पुलिस एसटीएफ का भी सहयोग लिया गया।

प्रारंभिक जांच में इसे देश में इस तरह का संभवतः पहला मामला बताया जा रहा है, जहां पूरे परीक्षा केंद्र के सर्वर सिस्टम को भूमिगत ढांचे के माध्यम से हैकनुमा तरीके से संचालित किया जा रहा था। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क में कई अन्य लोग और तकनीकी विशेषज्ञ भी शामिल हो सकते हैं।