कैबिनेट मंत्री के पति का वीडियो वायरल: 20–25 हजार में शादी वाली टिप्पणी पर मचा बवाल, कांग्रेस ने बताया महिलाओं का अपमान…video
देहरादून। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर विवादों में घिर गए हैं। वायरल वीडियो में साहू कथित तौर पर यह कहते नजर आ रहे हैं कि एक राज्य में 20 से 25 हजार रुपये में विवाह के लिए युवतियां उपलब्ध हो जाती हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो 23 दिसंबर 2025 को अल्मोड़ा में स्याही देवी मंडल की एक बैठक का बताया जा रहा है। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वीडियो में गिरधारी लाल साहू कुछ युवाओं से
बातचीत करते दिखाई देते हैं। वह युवाओं से शादी न करने को लेकर सवाल करते हैं और कहते हैं कि उनके समय तक तो 3–4 बच्चे हो जाते थे। इसके बाद वह एक राज्य का नाम लेते हुए 20 से 25 हजार रुपये में शादी होने की बात कहते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद साहू ने इस पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किया गया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी महिला की कीमत की बात नहीं की, बल्कि विवाह समारोह के आयोजन में आने वाले खर्च का जिक्र किया था। साहू ने वीडियो को फेक और तोड़-मरोड़ कर प्रसारित किया गया बताया है।
इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने गिरधारी लाल साहू के बयान को घोर निंदनीय और शर्मनाक करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी महिलाओं और बच्चियों की गरिमा पर सीधा हमला है। ज्योति रौतेला ने कहा कि यह और भी गंभीर इसलिए है क्योंकि यह बयान उस परिवार से आया है, जिसकी सदस्य स्वयं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की कैबिनेट मंत्री हैं।
कांग्रेस ने इसे सरकार की कथनी और करनी के बीच का अंतर बताते हुए कहा कि महिला सम्मान और सशक्तिकरण की बात करने वाली सरकार से जुड़े व्यक्ति का ऐसा बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: आरटीओ कार्यालय में फायरिंग पर बड़ी कार्रवाई, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निलंबित
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग पर पदयात्रा जारी, भारी बारिश के बीच सैकड़ों लोग जुटे; शासन पर लगाए गंभीर आरोप
आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई