उत्तराखंड: भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट के चलते इस जिले में 29 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद,….DM का आदेश

ख़बर शेयर करें 👉

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 28 जुलाई 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 29 जुलाई (बुधवार) को जनपद बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने 29 जुलाई (बुधवार) को जनपद बागेश्वर के कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जारी आदेश के अनुसार मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, बागेश्वर को निर्देश दिए गए हैं कि वे आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें। आदेश की अवहेलना या किसी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  Uttarakhand Weather: आज 9 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, बाकी जिलों में भी चेतावनी; प्रशासन अलर्ट मोड पर

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है