उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा! रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, 3 की मौत… 5 जिंदगी और मौत से जूझ रहे
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। श्यामपुर थाना क्षेत्र में टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे श्यामपुर थाना क्षेत्र के 4.2 फ्लाईओवर के पास हुआ। तेज रफ्तार में आ रहे दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक मृतकों और घायलों में उत्तर प्रदेश के हरदोई, बिजनौर और नजीबाबाद के लोग शामिल हैं। नजीबाबाद निवासी शराफत और उनकी पत्नी शबाना गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि उनके 18 वर्षीय बेटे अहान की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों के नाम:
अहान (18), बढ़ापुर, नजीबाबाद
फहीम (35)
एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी
घायलों के नाम:
सोहने लाल (25), हरदोई
शराफत (42), नजीबाबाद
शबाना (35), नजीबाबाद
अनु (18), नजीबाबाद
समीम (42), बिजनौर
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करा दिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह दोनों वाहनों की तेज रफ्तार मानी जा रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: यहां सड़क किनारे मिला 41 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी; पुलिस की जांच पड़ताल जारी
हल्द्वानी: नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज खुलासा, पुलिस ने 48 घंटे में दो आरोपियों को दबोचा
आज का राशिफल (31 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!