उत्तराखंड में मानसून की आहट! जानिए कब से बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने जारी किया बड़ा अपडेट
देहरादून। उत्तराखंड में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून उत्तराखंड में प्रवेश कर सकता है, जिसके बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार के लिए प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है और वर्तमान मौसमीय परिस्थितियां इसके उत्तराखंड में प्रवेश के लिए पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। मानसून के सक्रिय होने के साथ ही प्रदेश में वर्षा का दायरा बढ़ेगा और लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है।
यदि मानसून तय समय पर उत्तराखंड पहुंचता है, तो आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।


आज का राशिफल (25 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: यहां NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे में फंदे से लटका मिला शव,….डायरी की एक लाइन ने बढ़ाया रहस्य