उत्तराखंड वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 19 IFS अधिकारियों के तबादले; कई अहम जिम्मेदारियां बदलीं

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने वन विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित बड़े प्रशासनिक फेरबदल को अमलीजामा पहनाते हुए भारतीय वन सेवा (IFS) के 19 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। वन अनुभाग-1 की ओर से जारी आदेश के अनुसार उप वन संरक्षक (DCF) स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि वन मुख्यालय और विभिन्न वन वृत्तों में कई वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों का भी पुनर्विन्यास किया गया है।

शासन के सचिव सी. रविशंकर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह फेरबदल सिविल सर्विस बोर्ड की बैठक और मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। शासन का उद्देश्य वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करना बताया गया है।

मुख्यालय स्तर पर भी बड़े बदलाव
आदेश के तहत प्रमुख वन संरक्षक (HOFF) कपिल लाल से CAMPA का प्रभार वापस ले लिया गया है। नीना ग्रेवाल को प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) के साथ उत्तराखंड वन विकास निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त दायित्व पूर्ववत सौंपा गया है।

अपर प्रमुख वन संरक्षक बी.के. गांगटे को CAMPA के साथ वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण का जिम्मा दिया गया है। सुरेंद्र मेहरा को नियोजन के साथ सतर्कता एवं विधि प्रकोष्ठ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं सुशांत कुमार पटनायक को वन पंचायत का दायित्व दिया गया है। चंद्रशेखर सनवाल को नोडल कार्यालय की जिम्मेदारी और नीतू लक्ष्मी को अपर सचिव, वन विभाग बनाया गया है। उनकी जगह कल्याणी को यमुना वृत्त का प्रभार सौंपा गया है।

इन DFO अधिकारियों के हुए तबादले
तबादला सूची के अनुसार अमित कंवर को मसूरी से चकराता (कालसी), वैभव कुमार सिंह को चकराता से देहरादून, नीरज कुमार को देहरादून से उत्तराखंड वन विकास निगम, हिमांशु वागड़ी को तराई पूर्वी से टिहरी, दीपक सिंह को अल्मोड़ा से तराई पूर्वी (हल्द्वानी), आशुतोष सिंह को पिथौरागढ़ से टोंस (पुरोला), पुनीत तोमर को टिहरी से तराई पश्चिमी (रामनगर), जीवन मोहन दगाडे को लैंसडौन से उत्तरकाशी, अभिमन्यु को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क से अल्मोड़ा, आदित्य रत्न को बागेश्वर से पिथौरागढ़, रजत सुमन को रुद्रप्रयाग से केदारनाथ वन प्रभाग, प्रणाली रमेश को नोडल कार्यालय से बद्रीनाथ वन प्रभाग तथा प्रकाश चंद्र आर्य को तराई पश्चिमी से बागेश्वर भेजा गया है। वहीं देवी प्रसाद बलूनी को उत्तरकाशी से मसूरी की जिम्मेदारी दी गई है।

2024 बैच के IFS अधिकारियों को पहली बड़ी जिम्मेदारी
शासन ने वर्ष 2024 बैच के आईएफएस अधिकारियों को भी पहली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पंडित शिरीन संजय को राजाजी राष्ट्रीय पार्क में उप निदेशक नियुक्त किया गया है। विनीत कुमार को रुद्रप्रयाग, ढिनो पुरुषोत्तमन को चंपावत, गौरव वर्मा को लैंसडौन वन प्रभाग और यश ढोबले को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क (जोशीमठ) में उप वन संरक्षक के पद पर तैनाती दी गई है।

वन विभाग में हुए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार, बेहतर समन्वय और वन संरक्षण से जुड़े कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती वाले स्थानों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।