नैनीताल: जवाहर नवोदय विद्यालय के 85 बच्चे कोरोना संक्रमित, सकते में प्रशासन
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के गरमपानी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाडी़) में 85 नौनिहाल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। एक साथ 85 नौनिहालों के संक्रमित पाए जाने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मच गया है। फिलहाल सभी नौनिहालों को विद्यालय में ही आइसोलेट किया गया है। वहीं नेगेटिव पाए गए नौनिहालों को विद्यालय से घर भेजा जा सकता है। इस पर प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग व विद्यालय प्रबंधन निर्णय लेगा। पहले प्रधानाचार्य समेत 11 बच्चे संक्रमित मिले थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी बच्चों की जांच कराई तो इतनी संख्या में एक साथ संक्रमित मिले।
अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट सुयालबाडी़ में बीते दिनों आरटीपीसीआर जांच के जरिए विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थियों के नमूने जुटाए गए। दूसरे दिन आई रिपोर्ट में विद्यालय के प्रधानाचार्य समेत करीब 11 नौनिहाल कोरोना संक्रमित पाए गए। हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेष शिविर लगा करीब 496 नौनिहालों के स्वैब के नमूने जांच को भेजें। शनिवार को मिली रिपोर्ट में विद्यालय के 85 नौनिहाल कोरोना संक्रमित पाए जाने से हड़कंप मच गया है। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर पहले ही विद्यालय को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया जा चुका है।
वहीं अब बडी़ संख्या में कोरोना संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारी तेज कर दी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार संक्रमित पाए गए नौनिहालों वालों को विद्यालय में ही आइसोलेट किया गया है। उपचार के प्रबंध कर निगरानी भी बढ़ा दी गई है। फिलहाल जिन नौनिहालों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है उन्हें विद्यालय से घर भेजा जा सकता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. भागीरथी जोशी के अनुसार संक्रमित नौनिहालों को विद्यालय में ही आइसोलेट किया जाएगा। निगरानी बढ़ाने के साथ ही विशेष टीम भी तैनात की जाएगी।


हल्द्वानी: युवती का पीछा कर जबरन शादी का दबाव, इनकार पर पत्थर से हमला, आरोपी पर केस दर्ज
बीज मंत्र के जप से दूर होते हैं सभी दुख: मनोज कृष्ण जोशी
आज का राशिफल (08 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा