उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, CEO ने जिलाधिकारियों को दिए अहम निर्देश; अगले माह आ सकता है आयोग
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर फोकस
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करने और वहां जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में निर्वाचन कार्य में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मास्टर ट्रेनरों की व्यवस्था और प्रशिक्षण कार्यक्रम समय पर पूरा करने को कहा गया, ताकि चुनाव ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया की पूरी जानकारी हो।
बूथ स्तर पर कार्मिक और वाहनों की व्यवस्था
बैठक में SVEEP यानी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बूथ और विधानसभा स्तर पर आवश्यक कार्मिकों तथा वाहनों की उपलब्धता को लेकर भी जिलों से जानकारी ली गई।
SIR अभियान की भी हुई समीक्षा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों को अभियान से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। CEO कार्यालय की वेबसाइट पर भी SIR-2026 से संबंधित दस्तावेज और प्रगति संबंधी जानकारी उपलब्ध है।
अगले माह आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के दौरे की तैयारी
बैठक में बताया गया कि आगामी माह निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उत्तराखंड का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान जिलों में विधानसभा चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जा सकती है। इसे देखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं चोरगलिया की 3 छात्राएं लापता, एक हफ्ते बाद भी नहीं लगा सुराग
नैनीताल: ज्योलीकोट में जलजनित बीमारी से युवक की मौत, परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
आज का राशिफल (24 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!