देहरादून में दिनदहाड़े गोलीकांड: परेड ग्राउंड के पास कर्नल के बेटे की हत्या, शहर में सनसनी
देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात से शहर में दहशत फैल गई। तिब्बती मार्केट और परेड ग्राउंड के पास अज्ञात बदमाशों ने कर्नल आरसी शर्मा के बेटे अर्जुन शर्मा (42) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।
बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी का संचालन करते थे और आईटीबीपी क्षेत्र में रहते थे। बुधवार को वे परेड ग्राउंड में लान टेनिस खेलने पहुंचे थे। खेल खत्म करने के बाद जैसे ही वे अपनी मैरून रंग की जीप में बैठने लगे, तभी स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने बेहद नजदीक से फायरिंग की। एक गोली सीधे अर्जुन शर्मा की छाती में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर चेकिंग अभियान भी शुरू कर दिया गया है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, परिवार में संपत्ति और गैस एजेंसी की साझेदारी को लेकर मतभेद चल रहे थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


हल्द्वानी-रामनगर में मंगलसूत्र लूट का खुलासा: शातिर आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार
आज का राशिफल (11 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!