उत्तराखंड: यहां अपनी शादी के कुछ घंटे पहले भागी दुल्हन ने प्रेमी संग रचाया विवाह

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शादी के कुछ घंटे पहले प्रेमी संग भागी दुल्हन ने शादी कर ली। उसने प्रेमी के साथ अल्मोड़ा में मंदिर में सात फेरे लिए। दोनों विवाह के बाद अपने गांव डोबा लौट गए। दोनों की शादी क्षेत्र मे चर्चा का विषय बनी रही।
दरसअल, बीते शनिवार 16 अप्रैल को बागेवश्वर जिले में स्थित सात गांव में शादी की तैयारी चल रही थी। दुल्हन के घरवाले और रिश्तेदार शादी के कार्यक्रम में व्यस्त थे। रविवार को बारात आनी थी। दुल्हन की सहेलियों के साथ सभी रिश्तेदार महिला संगीत का आनंद ले रहे थे। दुल्हन भी इस महिला संगीत का हिस्सा बनी और जमकर ठुमके लगाए।
इसी दौरान दुल्हन अचानक अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। जब घर वालों को इसकी सूचना मिली तो उनके होश फाख्ता हो गए। इज्जत बचाने के लिए घर वालों ने दुल्हन की छोटी बहन की शादी करनी शुरू कर दी। नाबालिग की सूचना पुलिस को मिली तो वन स्टाप सेंटर व पुलिस ने हस्तक्षेप कर शादी रुकवा दी और बालिग होने पर ही शादी कराने का लिखितनामा ले लिया।
वहीं, मंगलवार को भागी दुल्हन ने बागेश्वर जिले के डोबा गांव निवासी अपने प्रेमी बलवंत सिंह टंगड़िया के साथ हिंदू रीति-रिवाज में सोमेश्वर के खड़केश्वर शिव मंदिर में शादी कर ली। मंदिर में विवाह करने के बाद दूल्हा-दुल्हन डोबा गांव को चले गए। शादी में दूल्हा पक्ष के लोग तो मौजूद रहे, लेकिन दुल्हन पक्ष से कोई मौजूद नहीं रहा।
विवाह के बाद दूल्हा बलवंत सिंह ने कहा कि वह पिछले 6 वर्षों से एक दूसरे से प्यार करते हैं। प्रेमिका के घर वाले विवाह के लिए सहमत नहीं हो रहे थे। वहीं, दुल्हन ने कहा कि वह बलवंत से प्यार करती है और उसी से विवाह करना चाहती थी। घरवाले कहीं और शादी करा रहे थे इसलिए वह घर से भाग गई। दोनों ने बताया कि अब विवाह करने के बाद वह खुश हैं।