उत्तराखंड: आज यहां होने जा रही है धामी कैबिनेट की बैठक, किन फैसलों पर लगेगी मुहर? टिकी सबकी नजर

ख़बर शेयर करें 👉

चंपावत, 4 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में रविवार को बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होगी। सुबह 11 बजे शुरू होने वाली बैठक में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, ऊर्जा और रोजगार समेत प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।

बैठक में सीमांत क्षेत्रों और चंपावत जिले के विकास से जुड़े विषयों पर भी सरकार मंथन कर सकती है। जिले में पहली बार राज्य मंत्रिमंडल की बैठक होने को लेकर इसे खास महत्व दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी सुबह 10:45 बजे खटीमा स्थित अपने निजी आवास नगला तराई से कार द्वारा बनबसा के लिए रवाना होंगे और करीब 11 बजे एनएचपीसी पहुंचेंगे। इसके बाद वह एनएचपीसी प्रशासनिक भवन के प्रथम तल पर आयोजित कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

चंपावत में पहली बार कैबिनेट बैठक
राज्य गठन के करीब 26 साल बाद पहली बार चंपावत जिले में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित हो रही है। बैठक में चंपावत समेत सीमांत क्षेत्रों की जरूरतों और विकास से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

सरकार की ओर से बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, सड़क और पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाओं, पर्यटन को बढ़ावा देने, ऊर्जा और रोजगार से जुड़े प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया जा सकता है। जिले के विकास से संबंधित प्रस्ताव भी बैठक में रखे जाने की संभावना है।

बनबसा पहुंचने लगे मंत्री
कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए राज्य सरकार के मंत्रियों का बनबसा पहुंचना शुरू हो गया है। शनिवार शाम से ही कुछ मंत्री बनबसा पहुंच गए, जबकि अधिकांश मंत्रियों के रविवार सुबह पहुंचने की जानकारी है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार कैबिनेट बैठक के बाद उनका समय आरक्षित रहेगा। वह दोपहर 1:50 बजे एनएचपीसी बनबसा से खटीमा के लिए रवाना होंगे और करीब 2:15 बजे खटीमा पहुंचेंगे।

बनबसा में होने वाली इस बैठक में सरकार किन प्रस्तावों पर मुहर लगाती है, इस पर प्रदेश के साथ-साथ चंपावत जिले की भी नजर रहेगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: गर्दन की मालिश के दौरान बिगड़ी महिला की तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत; परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
Ad Ad Ad Ad