उत्तराखंड: यहां बारिश के बीच टूटी बिजली की तार बनी काल, मां-बेटी करंट की चपेट में आईं; दोनों की मौत
ऋषिकेश। खदरी क्षेत्र में रविवार देर शाम तेज बारिश के बीच बिजली की तार टूटने से दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क पार कर रही मां और उसकी दो वर्षीय मासूम बेटी करंट की चपेट में आ गईं, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में यूपीसीएल के खिलाफ आक्रोश है।
खदरी ग्राम प्रधान संगीता थपलियाल के अनुसार, शिव मंदिर गली निवासी सुमन पत्नी हरपाल जेठुड़ी अपनी दो वर्षीय बेटी के साथ मोटा प्लाट स्थित अपनी बहन के घर गई थीं। रविवार देर शाम तेज बारिश के बीच वह बच्ची के साथ घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बिजली की तार टूटकर सड़क पर गिर गई।
बताया गया कि बारिश और अंधेरा होने के कारण सुमन को टूटी हुई तार दिखाई नहीं दी और वह बच्ची के साथ उसके संपर्क में आ गईं। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण मां-बेटी बुरी तरह झुलस गईं और मौके पर बेसुध होकर गिर पड़ीं।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया।
UPCL पर लापरवाही के आरोप
हादसे के बाद ग्रामीणों ने यूपीसीएल के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रोष जताया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की तार टूटने के बाद भी लाइन बंद नहीं की गई। उनका आरोप है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती तो हादसे को टाला जा सकता था।
वहीं ऊर्जा निगम के ऋषिकेश अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद ने बताया कि तेज बिजली कड़कने के कारण लाइन टूट गई और नीचे बह रहे पानी के संपर्क में आने से हादसा हुआ।
10 वर्षीय बच्चा भी साथ था
ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल बिष्ट ने बताया कि हादसे में महिला और बच्ची की मौत हुई है। महिला के साथ उनका 10 वर्षीय बच्चा भी था, जो पीछे चल रहा था और सुरक्षित बच गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठाए हैं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्दूचौड़ में दर्दनाक हादसा: डंपर की टक्कर से 14 वर्षीय किशोरी की मौत, पिता घायल
आज का राशिफल (01अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
कागजों पर विकास या धरातल पर हकीकत? रामपुरवसीतदली पंचायत में उठे सवाल, जिला पंचायत राज विभाग की निगरानी पर भी निशाना
1 अक्टूबर से बदलेंगे बैंकिंग और वित्तीय नियम, SBI ATM से UPI तक असर; जानें क्या-क्या बदलेगा
आज का राशिफल (30 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!