उत्तराखंड योग संगठन ने आयुष मंत्री डॉ. कौशिक से की मुलाकात, मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगों का सौंपा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें 👉

रिपोर्ट: गोपाल सिंह
बड़कोट/देहरादून। राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत कार्यरत योग अनुदेशकों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर उत्तराखंड योग अनुदेशक संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय मंत्री डॉ. मदन कौशिक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने योग अनुदेशकों के मानदेय में शीघ्र वृद्धि करने और राज्य सरकार की ओर से अंशदान दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

संगठन के अध्यक्ष राममोहन सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत कार्यरत योग अनुदेशक प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक योग पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। वे लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, लेकिन बेहद कम मानदेय मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

‘कम मानदेय में परिवार चलाना हो रहा मुश्किल’
संगठन के पदाधिकारियों ने विभागीय मंत्री के सामने योग अनुदेशकों की आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्तमान मानदेय में भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सरकार को मानदेय वृद्धि की प्रक्रिया जल्द पूरी करनी चाहिए।

इसके साथ ही संगठन ने मांग की कि योग अनुदेशकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए राज्य सरकार की ओर से भी अंशदान दिया जाए और उन्हें सरकार की किसी उपयुक्त योजना से जोड़ा जाए।

मंत्री ने समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
संगठन के अनुसार, विभागीय मंत्री डॉ. मदन कौशिक ने योग अनुदेशकों की समस्याओं और मांगों का संज्ञान लेते हुए उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने योग अनुदेशकों को राज्य सरकार की योजना से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात कही।

इस संबंध में जानकारी उत्तराखंड योग संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह रावत ने दी। ज्ञापन देने वालों में योग संगठन के अध्यक्ष राममोहन सिंह रावत, सचिव राकेश रावत, कोषाध्यक्ष भारती अग्रवाल, नमिता बिष्ट, विजया, संदीप चौहान, नीरजा तिवारी, कुसुम नेगी,सीमा डंगवाल,वंदना बिष्ट सहित डेढ़ दर्जन लोग थे।