उत्तराखंड में 28 जून से बदलेगा मौसम का मिजाज! 29 जून को IMD की बड़ी चेतावनी, इन जिलों में भारी बारिश का खतरा
देहरादून। उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं 29 और 30 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 जून तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, देहरादून, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा के आसार हैं।
29 जून से मौसम और अधिक सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों के लोगों को रहना होगा सबसे ज्यादा सतर्क
भारी बारिश की चेतावनी: पिथौरागढ़, बागेश्वर
गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, देहरादून, नैनीताल, चंपावत समेत अधिकांश जिले।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहने, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों में न जाने की अपील की है। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।


बड़ी खबर: लालकुआं का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर ‘पिद्दा’ आखिरकार गिरफ्तार! 7 दुकानों में चोरी का खुलासा, ₹2.28 लाख नकद और चोरी की बाइक बरामद