बसंत पंचमी पर उत्तराखंड में मौसम ने लिया यू-टर्न, पहाड़ों में जमकर बर्फबारी, कड़ाके की सर्दी ने फिर दी दस्तक
देहरादून। उत्तराखंड में लंबे समय बाद आखिरकार मौसम ने करवट ले ली है। बसंत पंचमी के दिन प्रदेश के चारधाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी और बारिश हुई है, जिससे एक बार फिर कड़ाके की सर्दी लौट आई है। आमतौर पर बसंत पंचमी के साथ गर्मी की शुरुआत मानी जाती है, लेकिन इस बार पर्व के दिन ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।
केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में जहां तेज बर्फबारी के चलते भीषण ठंड पड़ रही है, वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी बर्फबारी ने कंपकंपी छुड़ा दी है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुरूप ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह से ही बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है।
उत्तरकाशी जनपद में गंगोत्री, यमुनोत्री धाम, हर्षिल घाटी, यमुना घाटी के धारी, कफनॉल और खरसाली जैसे क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है। वहीं निचले इलाकों में तेज बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
मॉनसून सीजन के बाद से प्रदेश में लंबे समय से शुष्क मौसम बना हुआ था। बारिश और बर्फबारी न होने से किसान और बागवान खासे चिंतित थे, लेकिन अब हुई बर्फबारी से खेती और बागवानी से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली है। पहाड़ी क्षेत्रों में खेती और सेब, आलू, राजमा जैसी फसलों के लिए यह बारिश और बर्फबारी बेहद अहम मानी जा रही है।
देहरादून में भी सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो दोपहर तक तेज बारिश में बदल गई। इससे मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ गया है।
चकराता और जौनसार-बावर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। चकराता छावनी बाजार, लोखंडी, कनासर, देववन, आलू मंडी, चिरमिरी टॉप सहित ऊंची चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। बर्फबारी से जहां इलाका मनमोहक नजर आ रहा है, वहीं पर्यटन कारोबार को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जगी है। होटल और पर्यटन व्यवसायियों के लिए यह बर्फबारी संजीवनी साबित हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 जनवरी तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। आज के लिए पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।


आज का राशिफल (10 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
आज का राशिफल (09 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: युवती का पीछा कर जबरन शादी का दबाव, इनकार पर पत्थर से हमला, आरोपी पर केस दर्ज