बड़ी खबर (देहरादून): 12 लाख की सुपारी में बेटे की हत्या! तिब्बती मार्केट शूटआउट का सनसनीखेज खुलासा, मां समेत 5 गिरफ्तार
देहरादून। तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े हुई अर्जुन शर्मा हत्याकांड का दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में मृतक की मां, एक डॉक्टर और उनके सहयोगी समेत कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जबकि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए।
11 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे डालनवाला पुलिस को सूचना मिली कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अर्जुन शर्मा को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे और इंदिरा नगर में रह रहे थे।
पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर मृतक की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में संपत्ति और पैसों के लेनदेन को लेकर गहरा विवाद सामने आया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को लेकर 14 करोड़ रुपये की डील हुई थी, जिसमें 8 करोड़ रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। अर्जुन शर्मा द्वारा संपत्ति पर कोर्ट से स्टे लेने के बाद विवाद और गहरा गया। इसी के बाद अर्जुन को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए 12 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें से 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। दोनों शूटर पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू सगे भाई हैं और चक्खुवाला क्षेत्र में रह रहे थे।
घटना के बाद पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। रायपुर और डोईवाला क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी घायल हुए। उनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई।
पूछताछ में शूटरों ने सुपारी लेकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। साथ ही घटना से पहले और बाद में व्हाट्सएप कॉल और संपर्क के भी सबूत मिले हैं।
पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना को भी गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और मामले की विवेचना जारी है।
एसएसपी देहरादून ने कहा है कि हत्याकांड के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: अंकिता भंडारी केस में खुफिया तंत्र पर गिरी गाज, माता-पिता के दिल्ली प्रदर्शन की भनक न लगने पर LIU इंस्पेक्टर निलंबित
लालकुआं: रिश्तेदारी में गई थीं मकान मालकिन, पीछे से घर में लाखों की चोरी; कुंडा तोड़कर जेवर-नकदी ले उड़े चोर
आज का राशिफल (18 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
SKM कॉन्वेंट स्कूल में नवरात्रि की धूम, राम-सीता और हनुमान के स्वरूप में सजे बच्चे; कन्या पूजन कर दिया संस्कृति और नारी शक्ति का संदेश
उत्तराखंड में 19 अक्टूबर को महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित, बैंक-कोषागार भी रहेंगे बंद; शासन ने जारी की अधिसूचना