हल्द्वानी: सड़क सुरक्षा पर डीएम सख्त; ब्लैक स्पॉट खत्म करने और सड़क किनारे सुरक्षा उपाय तत्काल करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हर विभाग को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सड़कों का रोड सेफ्टी ऑडिट नियमित रूप से किया जाए और जिन स्थानों पर गड्ढे भरने या पेंचवर्क कार्य बाकी है, उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

डीएम रयाल ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालकुआं–गौलापार और रामनगर–काशीपुर मार्ग पर रोड सेफ्टी उपायों को तुरंत लागू करने के साथ ही जिले के सभी ब्लैक स्पॉट खत्म करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी नगर के चौड़े कराए गए सभी चौराहों का सौंदर्यीकरण और बाइंडिंग कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।

सड़क किनारे बड़े साइनेज बोर्ड, हिल साइड सेफ्टी प्लान और सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री हटाने के भी निर्देश डीएम ने दिए। इसके साथ ही एनएचएआई को बरेली रोड के तीनपानी क्षेत्र में डिवाइडर, चेतावनी बोर्ड और साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग संयुक्त अभियान चलाकर ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मशक्तू, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।