रामनगर टैक्स बार की नई कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित; मौ. फिरोज अंसारी अध्यक्ष और मनु अग्रवाल बने महासचिव

ख़बर शेयर करें 👉

रामनगर। रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन की द्विवार्षिक चुनावी प्रक्रिया सोमवार, 10 अगस्त 2026 को रामनगर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में संपन्न हुई। चुनाव में सभी पदों पर पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचन किया गया। नई कार्यकारिणी ने अधिवक्ताओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

निर्वाचन में मौ. फिरोज अंसारी को अध्यक्ष और मनु अग्रवाल को महासचिव चुना गया। इसके अलावा गुलरेज रजा उपाध्यक्ष, जीशान मलिक उपसचिव, मनोज सिंह बिष्ट कोषाध्यक्ष, राकेश कुमार राही पुस्तकालयाध्यक्ष और विशाल रस्तोगी प्रेस प्रवक्ता निर्वाचित हुए। वहीं पूरन चंद्र पांडेय को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष मौ. फिरोज अंसारी ने कहा कि वह सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर बार को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों के साथ सामाजिक मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जाएगी और संगठन की ओर से आवश्यक स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

नवनिर्वाचित महासचिव मनु अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन और सभी सदस्यों के सहयोग से संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

कार्यकारिणी सदस्य पूरन चंद्र पांडेय ने कहा कि क्षेत्र की सामाजिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

चुनाव संपन्न होने के बाद बार के अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। अधिवक्ताओं ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए बार के हित में प्रभावी कार्य करने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर पूर्व सचिव गौरव गोला, नावेद अख्तर सैफी, मनोज अग्रवाल, लईक अहमद, फैजूल हक, संजीव अग्रवाल, सुमित चंद्रवंशी, शोभित अग्रवाल और आशीष दानी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।