गोला नदी में नहाने गया 13 वर्षीय किशोर डूबा, भाई के सामने चली गई जान

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। शहर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बनभूलपुरा क्षेत्र के पास गोला नदी पुल के नीचे नहाने के दौरान 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर बच्चे का शव नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान अहमद (13 वर्ष) निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अहमद करीब दस दिन पहले अपने बड़े भाई अल्लाह रखा के पास हल्द्वानी आया था। उसका भाई शहर में शहद बेचने का काम करता है।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जुमे की नमाज से पहले अल्लाह रखा गोला नदी किनारे नहाने और कपड़े धोने गया था।
अहमद भी उसके साथ नदी पर पहुंचा। इस दौरान वह नदी में नहाने लगा और अचानक गहरे पानी में चला गया। भाई ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सका। देखते ही देखते किशोर नदी में डूब गया।

घटना की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बच्चे का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया।

घटना पर दुख जताते हुए सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कात्याल ने कहा कि प्रशासन लगातार लोगों से नदी के खतरनाक और गहरे हिस्सों में न जाने की अपील कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से बरसात के मौसम में नदी-नालों से दूर रहने की अपील की और संबंधित अधिकारियों को नदी किनारे अतिरिक्त चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि बरसात के दौरान उफान पर रहने वाली नदियों और नालों के पास जाने से बचें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।