हल्द्वानी में नैनीताल दुग्ध संघ की 75वीं एजीएम संपन्न, ₹277.84 करोड़ का बजट पारित
हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआँ की 75वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक एवं डायमंड जुबली समारोह शनिवार को हल्द्वानी के संकल्प बैंक्विट हॉल में भव्य रूप से आयोजित किया गया। बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए ₹277.84 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा समेत अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। बैठक में वर्ष 2022-23 के संतुलन पत्र, उत्पादन एवं व्यापार खाता, लाभ-हानि खाता और लेखा परीक्षा प्रमाणपत्र को स्वीकृति दी गई।
संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के दिशा-निर्देशन में लालकुआँ में एक आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिसमें शीघ्र उत्पादन शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि दुग्ध उत्पादकों के हित में प्रति लीटर दो रुपये की अतिरिक्त दर देने का निर्णय लिया गया है, जिससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वर्ष 2017-18 से 2022-23 तक के हिस्से का ₹1.30 करोड़ से अधिक लाभांश सदस्यों को दिया जाएगा।
उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों और समितियों को सम्मानित किया गया। ‘गोकुल श्री पुरस्कार’ लालूपुर बॉसीटीला समिति के कृपाल सिंह को मिला, जिन्होंने 68,526 लीटर दूध की आपूर्ति कर ₹26 लाख से अधिक का योगदान दिया।
महिला वर्ग (मैदानी क्षेत्र) में गंगा देवी (पतलिया समिति) प्रथम, हिमानी बिष्ट द्वितीय और दीपा देवी तृतीय रहीं। पर्वतीय क्षेत्र में मीना देवी, पुष्पा देवी और तुलसी देवी को सम्मानित किया गया।
पुरुष वर्ग में हरेन्द्र सिंह जीना, बराना बल्ल, और हरिकिशन बहुगुणा क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे।
समितियों को भी मिला पुरस्कार
पर्वतीय क्षेत्र से गहना दुग्ध समिति प्रथम, बबियाड द्वितीय और पलड़ा तृतीय रही, जबकि मैदानी क्षेत्र में विन्दुखेड़ा, संजयनगर और खुर्पाताल समितियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
अंत में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सभी अतिथियों, सदस्यों और दुग्ध उत्पादकों का आभार व्यक्त किया तथा संघ को प्रदेश की ‘दुग्ध क्रांति का अग्रदूत’ बनाने का संकल्प दोहराया।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार