हल्द्वानी में टी-20 लीग के नाम पर बड़ा खेल: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारों का सपना दिखाकर लाखों की ठगी, आयोजक पुलिस के शिकंजे में

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारों की मौजूदगी के नाम पर टी-20 क्रिकेट लीग कराने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी का मामला हल्द्वानी में सामने आया है। ईवीसीएल (EVCL) टी-20 लीग के आयोजक विकास ढाका पर गंभीर आरोप लगे हैं। शहर के एक प्रतिष्ठित होटल से चेकआउट कर फरार होने की कोशिश कर रहे आयोजक को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।

क्रिकेट लीग की टीम खरीदने के नाम पर सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल से पांच लाख रुपये और हरियाणा निवासी यूपी वॉरियर्स टीम के ओनर हेमंत शर्मा से 23 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है। दोनों पीड़ित गुरुवार को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी से मिले और आयोजक के खिलाफ तहरीर सौंपी।

बताया गया कि गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में करीब दस साल बाद टी-20 लीग का आयोजन होना था। इसके लिए आयोजक कंपनी ने शहरभर में होर्डिंग-बैनर लगाकर जोर-शोर से प्रचार किया। स्टेडियम में काली मिट्टी से पिच भी तैयार कर दी गई थी। पहले लीग जनवरी में प्रस्तावित थी, बाद में इसे स्थगित कर तीन फरवरी की तारीख तय की गई।

टिकटों की बिक्री कम रहने के बाद आयोजक ने अपने एक पार्टनर की मौत का हवाला देकर लीग टाल दी। बाद में स्टेडियम से अनाउंसमेंट कर पांच फरवरी को लीग कराने की बात कही गई, फिर मीडिया के सवालों पर 15 दिन बाद आयोजन का दावा किया गया। इसी बीच आयोजक के फरार होने की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई।

पूर्व विधायक नारायण पाल ने बताया कि उन्होंने उत्तराखंड सोल्जर टीम पांच लाख रुपये में खरीदी थी और आयोजक ने टीम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान के खेलने का दावा किया था। वहीं यूपी वॉरियर्स के टीम ओनर हेमंत शर्मा का कहना है कि उनसे 23 लाख रुपये की फ्रेंचाइजी ली गई, लेकिन कोई लिखित एग्रीमेंट नहीं दिया गया।

पीड़ितों के अनुसार, क्रिकेट लीग के नाम पर देश के पांच शहरों में खिलाड़ियों के ट्रायल भी कराए गए और बोली के जरिए खिलाड़ियों को खरीदा गया। बाद में जब आयोजन लगातार टलता रहा, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि पूर्व विधायक समेत अन्य पीड़ितों की तहरीर के आधार पर आयोजक विकास ढाका के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और मामले की गहन जांच की जाएगी।