हल्द्वानी तहसील में बड़ा खुलासा! डीएम के औचक निरीक्षण में न्यायालय कक्ष में मिले प्राइवेट लोग, फाइलों पर हो रही थी पब्लिक डीलिंग

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। सोमवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के औचक निरीक्षण के दौरान तहसील हल्द्वानी में गंभीर अनियमितता सामने आई। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार/नायब तहसीलदार न्यायालय से संबद्ध भू-राजस्व अभिलेखों के कक्ष में दो प्राइवेट व्यक्ति मौजूद पाए गए, जो आम नागरिकों से पब्लिक डीलिंग कर रहे थे। हैरानी की बात यह रही कि उस समय कक्ष में कोई भी अधिकृत सरकारी कर्मचारी उपस्थित नहीं था और न्यायालयीन अभिलेख अनधिकृत व्यक्तियों की पहुंच में थे।

इस स्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे न्यायिक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गंभीर अनियमितता बताया। डीएम ने कहा कि यह मामला न सिर्फ सरकारी अभिलेखों की सुरक्षा में बड़ी चूक को दर्शाता है, बल्कि न्यायालयीन प्रक्रिया में बाहरी हस्तक्षेप का भी स्पष्ट संकेत देता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, नैनीताल को पूरे प्रकरण की विस्तृत, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि दोनों प्राइवेट व्यक्ति कौन थे, किस आधार पर न्यायालय कक्ष में मौजूद थे, किन-किन भू-राजस्व मामलों में उन्होंने पब्लिक डीलिंग की और उन्हें न्यायालयीन अभिलेखों तक पहुंच कैसे मिली।

इसके साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि संबंधित समय पर सरकारी अधिकारी या कर्मचारी क्यों अनुपस्थित थे, क्या किसी अधिकारी या कर्मचारी ने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें कार्य करने की अनुमति दी, और इस अनधिकृत डीलिंग से किसी को अनुचित लाभ या हानि तो नहीं हुई। सरकारी अभिलेखों की गोपनीयता और न्यायालयीन मर्यादा के उल्लंघन के बिंदुओं की भी गहनता से जांच होगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान आवश्यक अभिलेखों को सुरक्षित रखा जाए और संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जाएं। यदि जांच में प्रथम दृष्टया कोई आपराधिक कृत्य सामने आता है तो उसका स्पष्ट उल्लेख जांच रिपोर्ट में किया जाए। जांच रिपोर्ट तीन सप्ताह के भीतर जिलाधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मचा हुआ है और प्रशासनिक स्तर पर जवाबदेही तय होने के संकेत मिल रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad